home page

पंढरपुर के लिए दो स्पेशल ट्रेनें

 | 

मुंबई, 20 जुलाई (हि.स.)। आषाढ़ी मेले में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को मध्य रेलवे ने बड़ी राहत दी है। दादर-पंढरपुर-दादर के बीच दो विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की गई है। 24 और 26 जुलाई को चलने वाली इन ट्रेनों के लिए आरक्षण शुरू हो गया है।

मध्य रेलवे ने घोषणा की है कि यात्रियों की भीड़ को देखते हुए जरूरत पड़ने पर और विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। मध्य रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 01045 विशेष ट्रेन 24 जुलाई को दोपहर 12.50 बजे दादर से रवाना होकर रात 9.15 बजे पंढरपुर पहुंचेगी। वहीं गाड़ी संख्या 01046 विशेष ट्रेन 26 जुलाई को रात 12.15 बजे पंढरपुर से रवाना होकर सुबह 11.45 बजे दादर पहुंचेगी। ये विशेष ट्रेनें ठाणे, कल्याण, लोणावला, पुणे, दौंड और कुर्डुवाड़ी स्टेशनों पर ठहरेंगी।

ट्रेन में 2 एसी थ्री-टियर, 10 स्लीपर, 4 सामान्य द्वितीय श्रेणी और 2 द्वितीय श्रेणी सह गार्ड ब्रेक वैन सहित कुल 18 कोच लगाए जाएंगे। दोनों विशेष ट्रेनों के लिए आरक्षण सभी कम्प्यूटरीकृत आरक्षण केंद्रों और आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर शुरू हो चुका है। वहीं मार्ग में ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान समय की जानकारी एनटीईएस ऐप और भारतीय रेलवे की पूछताछ वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार