home page

गोरेगांव में सार्वजनिक शौचालय में दम घुटने से दो युवकों की मौत, १० बीमार

 | 

मुंबई, 27 सितंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के गोरेगांव के राम मंदिर इलाके में रविवार को एक सार्वजनिक शौचालय में दम घुटने से दो युवकों की मौत हो गई और १० लोग बीमार हो गए। सभी बीमार लोगों को जोगेश्वरी ट्रामा केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना की छानबीन गोरेगांव पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

इस घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि बीती रात गोरेगांव में मृणालताई ब्रिज के पास पारसी पंचायत गेट के सामने सार्वजनिक शौचालय में करीब १२ लोग तीव्र दुर्गंध से बेहोश हो गए थे। इन सभी को तत्काल तत्काल जोगेश्वरी स्थित ट्रामा केयर अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। लेकिन इनमें से दो युवकों की इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि अन्य १० लोगों का इलाज जारी है। मृतक युवकों की पहचान 24 वर्षीय प्रभाकर धनीवार और 18 वर्षीय भाविन देसाई के रुप में की गई है।

शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि दोनों की मौत दम घुटने के कारण हुई। हालांकि मौत की वास्तविक वजह और शौचालय में बदबू फैलने के कारणों की जांच अभी जारी है। इस घटना की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, 108 एम्बुलेंस, महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और मुंबई नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंचीं हैं और जांच कर रही हैं। सुरक्षा के मद्देनजर सार्वजनिक शौचालय और आसपास के इलाके को सील कर दिया गया है।

अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि सार्वजनिक शौचालय में इतनी तेज दुर्गंध कैसे फैली और क्या इस घटना में किसी तरह की लापरवाही हुई थी। जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव