कसारा रूट पर दो दिन स्पेशल ब्लॉक, प्रभावित होंगी ट्रेनें
मुंबई, 09 मई (हि.स.)। मध्य रेलवे ने कसारा रूट पर अतिक्रमण हटाने से जुड़े प्रारंभिक ओएचई कार्य के लिए 10 और 11 मई को विशेष ट्रैफिक व पावर ब्लॉक लेने की घोषणा की है। यह ब्लॉक इगतपुरी-खर्डी सेक्शन की अप व डाउन मेन लाइन पर दोपहर 3.50 बजे से शाम 5.50 बजे तक रहेगा। ब्लॉक के दौरान इस सेक्शन में उपनगरीय लोकल सेवाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी। साथ ही लंबी दूरी की ट्रेनें प्रभावित हो सकती हैं। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
रेल प्रशासन के अनुसार सीएसएमटी से कसारा जाने वाली एन19, एन21 और एन23 लोकल ट्रेनों को आसनगांव तक ही चलाया जाएगा। वहीं कसारा से सीएसएमटी आने वाली कुछ लोकल ट्रेनें आसनगांव से शॉर्ट ओरिजिनेट होंगी। इसके अलावा कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को भी विभिन्न स्टेशनों पर नियंत्रित किया जाएगा। एलटीटी-सुल्तानपुर एक्सप्रेस, पनवेल-गोरखपुर एक्सप्रेस, कामायनी एक्सप्रेस, राजगीर एक्सप्रेस, सेवाग्राम एक्सप्रेस और राजधानी एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों पर इसका असर पड़ेगा। कुछ ट्रेनों को 10 से 15 मिनट तक विलंबित चलाने की भी जानकारी दी गई है।
मध्य रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यह ब्लॉक आधारभूत संरचना के रखरखाव और सुरक्षा कार्यों के लिए आवश्यक है। यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने और रेलवे प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

