पालघर में सड़क हादसा, आश्रम स्कूल के दो छात्रों की मौत,तीन घायल
मुंबई, 20 अक्टूबर (हि.स.)। पालघर जिले की जव्हार तहसील में स्थित हिरडपाडा अनुदानित आश्रम स्कूल के पांच छात्र 19 अक्टूबर की तड़के मोटरसाइकिल से आते समय कगोडी के पास नदी घाट पर दुर्घटनाग्रस्त हो गए। हादसे में दो छात्रों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। मामले की जानकारी प्रशासन ने मंगलवार को दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, कक्षा 9वीं के दो, 10वीं का एक और 12वीं के दो छात्र हादसे का शिकार हुए। एक छात्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने जव्हार के पतंगशाह कुटीर अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल तीन छात्रों को नासिक जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत अब स्थिर बताई गई है।
घटना के बाद जव्हार परियोजना अधिकारी पी. के. सिद्धार्थ रामकुमार ने आश्रमशाला का निरीक्षण कर जांच के निर्देश दिए। लापरवाही सामने आने पर संबंधित संस्था ने माध्यमिक मुख्याध्यापक, अधीक्षक और चौकीदार को निलंबित कर दिया। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जे सिंह

