home page

ट्रक चालकों की सरकार से मांग, जल्द करो ईंधन का प्रबंध

 | 

मुंबई, 20 मई (हि.स.)। देशभर में पेट्रोल- डीजल का संकट निर्माण होता जा रहा है। इससे पूरे देश में सामानों की सप्लाई करने वाले ट्रक चालक संकट में आ गए हैं। कई जगहों पर डीजल न मिलने से ट्रक सड़कों पर खड़े हो गए हैं। यदि हालात इसी तरह बने रहे तो सामानों की चैन सप्लाई पूरे देश में प्रभावित हो सकती है।

इस गंभीर समस्या को देखते हुए ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के सलाहकार व पूर्व अध्यक्ष बल मलकीत सिंह ने मालवाहक ट्रकों को निर्बांध ईंधन आपूर्ति की मांग सरकार से की है। उन्होंने कहा कि देश का परिवहन क्षेत्र पहले से ही लगातार बढ़ती संचालन लागत और स्थिर फ्रेट रेट्स के कारण भारी आर्थिक दबाव में है। वर्तमान ईंधन संकट और कमर्शियल वाहनों को डीज़ल आपूर्ति में आ रही बाधाएं पूरी अर्थव्यवस्था पर व्यापक प्रभाव डाल सकती हैं। कमर्शियल वाहनों को बिना किसी रोक-टोक और बिना किसी प्रतिबंध के पर्याप्त ईंधन उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है। ट्रकों की आवाजाही में किसी भी प्रकार की बाधा का सीधा असर सप्लाई चेन, आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता, उत्पादन गतिविधियों, आयात-निर्यात और देश की आर्थिक गतिविधियों पर पड़ता है।

सिंह के अनुसार यदि प्राथमिकता के आधार पर तत्काल उचित कदम नहीं उठाए गए, तो स्थिति गंभीर हो सकती है और सेवाएं ठप हो सकती हैं। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों से तत्काल हस्तक्षेप की अपील करते हुए कमर्शियल परिवहन वाहनों के लिए ईंधन उपलब्धत कराने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार