विरार के जीवदानी मंदिर परिसर में वृक्षारोपण अभियान, पौधों के संरक्षण का लिया संकल्प
मुंबई, 4 अगस्त, (हि. स.)। विरार स्थित प्रसिद्ध जीवदानी मंदिर परिसर में मंगलवार को वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। श्री जीवदानी देवस्थान ट्रस्ट के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में वसई-विरार शहर महानगर पालिका, वन विभाग, पुलिस विभाग, विभिन्न विद्यालयों तथा सामाजिक संस्थाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान के दौरान मंदिर परिसर और आसपास में बड़ी संख्या में पौधे लगाए गए। आयोजकों ने ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया। इसके लिए कई स्थानों पर ड्रिप इरिगेशन (ठिबक सिंचन) और स्प्रिंकलर सिस्टम की व्यवस्था की गई है, ताकि पौधों को पर्याप्त पानी मिल सके और उनकी जीवित रहने की संभावना बढ़े।
श्री जीवदानी देवस्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रदीप तेंडुलकर ने बताया कि ट्रस्ट प्रत्येक वर्ष वन विभाग, मनपा, पुलिस विभाग और विभिन्न विद्यालयों के सहयोग से संयुक्त रूप से वृक्षारोपण अभियान चलाता है। उन्होंने कहा कि पौधे लगाना महत्वपूर्ण है, लेकिन उन्हें सुरक्षित रखकर बड़ा करना उससे भी अधिक आवश्यक है। इसी उद्देश्य से सिंचाई की आधुनिक व्यवस्था भी विकसित की जा रही है। कार्यक्रम में बहुजन विकास आघाडी के वरिष्ठ नेता काशीनाथ पाटील, विरार पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक लालू तुरे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, विद्यार्थी और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की मुहिम में सहभागी बनने का आह्वान किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार

