हड़ताल में शामिल न हों ट्रांसपोर्टर, परिवहन मंत्री की अपील
मुंबई, 03 मार्च (हि.स.)। ई-चालान के खिलाफ ट्रांसपोर्टरों ने गुरुवार 5 मार्च से राज्यव्यापी हड़ताल का एलान किया है। इस हड़ताल को लेकर राज्य सरकार सकते में आ गई है। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने ट्रांसपोर्टरों से अपील की है कि वे अपनी हड़ताल वापस ले लें। बातचीत के जरिए उचित हल निकाला और उनकी मांगों पर सकारात्मक विचार किया जाएगा।
ट्रांसपोर्टरों की आरोप है कि राज्य में कई जगहों पर परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस ड्राइवरों को परेशान कर रहे हैं। गलत तरीके से ई-चालान काट कर ड्राइवरों और मालिकों को लूटा जा रहा है। ट्रांसपोर्टरों को गलत तरीके से ई-चालान का जुर्माना भर-भरकर भारी नुकसान हो रहा है।ट्रांसपोर्टरों ने गलत तरीके से काटे गए ई-चालान को रद्द करने के लिए 5 मार्च से विरोध प्रदर्शन का एलान किया है। परिवहन मंत्री सरनाइक ने इस हड़ताल को वापस लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकार गलत तरीके से काटे गए ई-चालान को रद्द करने के बारे में सकारात्मक फैसला लेगी। ट्रांसपोर्टरों की समस्याओं को हल निकालने के लिए 5 तारीख को परिवहन आयुक्त, पुलिस विभाग और ट्रांसपोर्टरों के प्रतिनिधियों की एक संयुक्त बैठक बुलाई गई है। इसमें ट्रांसपोर्टरों की मांगों का हल निकाने की कोशिश की जाएगी। इसलिए सरनाईक ने अपील की है कि वे अपनी हड़ताल का फैसला वापस ले लें।
ट्रांसपोर्टर संगठनों के पदाधिकारियों का आरोप है कि पार्किंग में खड़ी गाड़ियों पर भी ई-चालान जारी किए जाते हैं। साथ ही कुछ कर्मचारी बिना इजाजत के अधिकृत अधिकारी की जगह ई-चालान जारी कर देते हैं। इस बारे में मंत्री सरनाईक ने बताया कि संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं और कहा गया है कि अब से अधिकृत अधिकारी ही ई-चालान पर कार्रवाई करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

