एचएसआरपी पर परिवहन विभाग की कार्रवाई
मुंबई, 05 सितंबर (हि.स.)। मुंबई शहर व उपनगरों में परिवहन विभाग ने हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) को लेकर कार्रवाई तेज कर दी है। पिछले महीने अगस्त में कुल 3,209 वाहनों की जांच की गई, इसमें 1,685 वाहन नियमों का पालन करते नहीं मिले। इनमें सबसे अधिक 904 वाहन वडाला आरटीओ क्षेत्र में दोषी पाए गए। इन वाहनों से जुर्माना वसूला गया है।
एचएसआरपी में लेजर कोड, क्रोमियम होलोग्राम और स्थायी लॉकिंग प्रणाली होती है, जिससे छेड़छाड़, फर्जी नंबर प्लेट और वाहन चोरी जैसे मामलों पर अंकुश लगाने में मदद मिलती है। परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से अधिकृत केंद्र से जल्द एचएसआरपी लगवाने की अपील की है। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि एचएसआरपी नहीं लगाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। 1 अप्रैल 2019 से पहले पंजीकृत सभी वाहनों पर एचएसआरपी लगाना अनिवार्य है। नियम का उल्लंघन करने वालों पर 1 जुलाई से एक हजार रुपए का जुर्माना लगाया जा रहा है। इससे पहले एचएसआरपी लगाने के लिए कई बार समयसीमा बढ़ाई गई थी, लेकिन 30 जून के बाद यह छूट समाप्त कर दी गई।
अगस्त महीने में बोरिवली आरटीओ ने 708 वाहनों की जांच कर 290 दोषी वाहन चालकों से 2.90 लाख रुपए जुर्माना वसूला। ताड़देव आरटीओ ने 356 दोषी वाहनों से 3.56 लाख रुपए वसूले। अंधेरी आरटीओ ने 1,012 वाहनों की जांच कर 201 दोषी वाहन चालकों पर कार्रवाई की। वहीं वडाला आरटीओ ने 1.133 वाहनों की जांच में 904 दोषी वाहन पकड़े।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

