मोतीलाल नगर का होगा कायाकल्प, लोगों को मिलेगा 1600 वर्ग फुट का फ्लैट
मुंबई, 02 नवबंर (हि.स.)। मुंबई के गोरेगांव पश्चिम स्थित मोतीलाल नगर का म्हाडा ने कायाकल्प करने का निर्णय लिया है। क्षेत्र के 3,700 से अधिक पात्र परिवारों को 1,600 वर्ग फुट फ्लैट मिलेगा। साथ ही क्षेत्र के 328 पात्र व्यावसायिक दुकानदारों को 987 वर्ग फुट क्षेत्रफल की नई दुकानें आवंटित की जाएंगी। म्हाडा अगले दो हफ्तों में स्थायी वैकल्पिक आवास समझौते यानी का लीगल ड्राफ्ट तैयार करेगी।
करीब 143 एकड़ भूखंड पर फैले मोतीलाल नगर का विकास क्लस्टर योजना के तहत किया जा रहा है। म्हाडा मुंबई बोर्ड के मुख्य अधिकारी मिलिंद बोरीकर के अनुसार समझौते के मसौदे को अंतिम रूप देने का काम अगले दो सप्ताह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। ड्राफ्ट तैयार होने के बाद इसे म्हाडा की विधि शाखा के पास कानूनी जांच के लिए भेजा जाएगा। निवासियों के साथ म्हाडा जल्द ही पीएएए ठेका करेगी। कानूनी टीम की हरी झंडी मिलते ही म्हाडा के उपाध्यक्ष व सीईओ संजीव जायसवाल से अंतिम प्रशासनिक मंजूरी ली जाएगी। फिर इसे आधिकारिक तौर पर निवासियों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
योजना को सरल बनाने के लिए समझौता प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से लागू की जाएगी। खाली जमीन पर पहले नई इमारतें खड़ी कर 'चाबी के बदले चाबी' की नीति पर काम होगा। इसी रणनीति के तहत सबसे पहले उपलब्ध खाली जमीन पर बहुमंजिला पुनर्वास इमारतें बनाई जाएंगी। सभी रहवासियों के साथ एक साथ करार करने के बजाय निर्माण की प्रगति के अनुसार अलग-अलग चरणों में पीएएए निष्पादित किया जाएगा। म्हाडा अधिकारियों के अनुसार निवासियों के मन में उठने वाली हर शंका और सवाल का पारदर्शी तरीके से समाधान किया जाएगा, ताकि परियोजना बिना किसी बाधा के समय पर पूरी हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

