home page

नालासोपारा विधानसभा क्षेत्र में 3 स्थानों पर लगेंगे ट्रैफिक सिग्नल, जाम से मिलेगी मुक्ति

 | 
नालासोपारा विधानसभा क्षेत्र में 3 स्थानों पर लगेंगे ट्रैफिक सिग्नल, जाम से मिलेगी मुक्ति


मुंबई, 13 नवंबर, (हि. स.)। नालासोपारा और विरार के भीड़भाड़ वाले चौराहों पर ट्रैफिक जाम से नागरिकों को राहत दिलाने और यातायात को सुचारू बनाने के लिए भाजपा विधायक राजन नाईक के लगातार प्रयासों के बाद अब तीन स्थानों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाएंगे।

नालासोपारा के लक्ष्मीबेन छेड़ा मार्ग चौक, विरार पश्चिम के मणीबाई गोपाळ चौक और तिरुपती बाजार चौक पर सिग्नल लगाने के लिए महानगरपालिका द्वारा कार्यादेश जारी कर दिए गए हैं।

नालासोपारा विधानसभा क्षेत्र में जनसंख्या और वाहनों की संख्या में लगातार वृद्धि होने के कारण नागरिकों को ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से सुबह और शाम के व्यस्त जाम की समस्या और बढ़ जाती थी। इससे यात्रियों का अनावश्यक समय बर्बाद होता है, जिनमें एंबुलेंस भी शामिल है। इसलिए, ऐसे स्थानों पर सिग्नल प्रणाली लगाने की मांग भाजपा नगरसेविका सान्वी संजोग यंदे ने विधायक राजन नाईक से की थी।

इसके बाद नागरिकों को राहत दिलाने के लिए राजन नाईक ने इन स्थानों पर सिग्नल लगाने के लिए 10 नवंबर 2025 और 2 सितंबर 2026 को वसई विरार शहर महानगरपालिका आयुक्त से पत्राचार किया था। साथ ही, इस संदर्भ में आयुक्त पृथ्वीराज बी. पी. के साथ चर्चा भी की थी। महानगरपालिका प्रशासन ने तीन चौराहों पर सिग्नल व्यवस्था लगाने के लिए निविदा जारी किया था। इस सिग्नल व्यवस्था पर 1 करोड़ 4 लाख रुपये का खर्च आएगा।__________________

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार