लोकल ट्रेनों में अब रात में भी चेकिंग अभियान
मुंबई, 09 (हि.स.)। लोकल ट्रेनों में बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों की अब खैर नहीं है। पश्चिम रेलवे प्रशासन ने आखिरी लोकल ट्रेन तक टिकट जांच अभियान जारी रखने का निर्णय लिया है। रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक चर्चगेट से विरार स्टेशन के बीच टीसी की ‘बैटमैन’ टीमें लोकल ट्रेनों के डिब्बों में तैनात रहेंगी।
पश्चिम रेलवे ने अप्रैल महीने में 3 लाख 60 हजार से अधिक बिना टिकट यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई की। इस रिकॉर्ड कार्रवाई के बाद प्रशासन ने रात के समय भी टिकट जांच करने का फैसला लिया है। फिलहाल, रात 9 बजे तक टिकट जांच की जाती है, लेकिन कई यात्री इसका फायदा उठाकर बिना टिकट यात्रा करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए रात के सफर में ‘बैटमैन’ यानी बी अवेयर टीटीई मैनिंग एट नाइट टीमें लोकल ट्रेनों के डिब्बों में तैनात की जाएंगी। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य रात की आखिरी ट्रेन और सुबह की पहली ट्रेन तक टिकट जांच कर बिना टिकट यात्रियों पर रोक लगाना है।
पश्चिम रेलवे पर रोजाना 1414 लोकल फेरियों के जरिए करीब 30 लाख यात्री सफर करते हैं। दिन में भीड़भाड़ के समय ड्यूटी करना टीसी के लिए बड़ी चुनौती होती है। इसी को देखते हुए रात की ड्यूटी के लिए अलग टीमें तैनात की जाएंगी।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक के अनुसार अप्रैल महीने में हुई रिकॉर्ड कार्रवाई के बाद यह निर्णय लिया गया है। रात के समय टिकट जांच करना अब जरूरी बन गया है। कई यात्री एसी लोकल में भी बेखौफ बिना टिकट यात्रा कर रहे हैं। इसे समय रहते रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

