पालघर में टीना रबर कंपनी की दीवार गिरी, तीन श्रमिकों की मौत
मुंबई, 24 सितंबर (हि.स.)।
महाराष्ट्र के पालघर जिले में वाडा इलाके में स्थित टीना रबर कंपनी में गुरुवार सुबह दीवार गिरने से तीन श्रमिकों की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ। मृतकों की पहचान केशव वालकु गुनगुणा (55), मीरा जानू गवली (60) और रंजना दिलीप कोंब (35) के रूप में हुई है। तीनों पालघर जिले के विक्रमगढ़ और वाडा क्षेत्र के निवासी थे। पुलिस के अनुसार, काम के दौरान अचानक दीवार गिरने से तीनों उसके मलबे में दब गए। उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर वाडा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पंचनामा कर जांच शुरू की। स्थानीय ग्रामीणों ने कंपनी में सुरक्षा व्यवस्था और पहले से चली आ रही प्रदूषण संबंधी शिकायतों को लेकर भी सवाल उठाए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जे सिंह

