स्पा संचालक को बंधक बनाकर 1.56 लाख रुपये की लूट, मनसे नेता समेत 3 हिरासत में
मुंबई, 18 नवंबर, (हि. स.)। नालासोपारा पश्चिम में एक स्पा संचालक को महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर 1 लाख 56 हजार रुपये लूट लिए।
आरोप है कि करीब 10 लोग स्पा में जबरन घुसे, संचालक के साथ मारपीट की और उसे बंधक बनाकर मोबाइल बैंकिंग के जरिए अलग-अलग खातों में पैसे ट्रांसफर कराए। आरोपिताें ने गल्ले में रखी नकदी भी लूट ली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मनसे नेता संजय मेहरा, कल्पेश रायकर और शिवप्रकाश उपाध्याय समेत 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें से तीन आरोपिताें को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना मंगलवार दोपहर करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच गुलमोहर हेरिटेज बिल्डिंग नंबर-3 के सामने स्थित लग्जरी केयर स्पा में हुई। उस समय स्पा संचालक विश्वास आनंद पवार (35) दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान आरोपित अपने अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचे। उन्होंने स्पा में काम करने वाली एक महिला का वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर संचालक को डराया।
इसके बाद आरोपिताें ने विश्वास पवार के साथ मारपीट की और पुलिस में शिकायत करने पर हाथ-पैर तोड़ने की धमकी दी। उन्होंने संचालक का मोबाइल छीनकर जबरन यूपीआई पिन हासिल किया और बैंकिंग ऐप के माध्यम से रकम ट्रांसफर कराई। मामले में नकदी सहित कुल 1.56 लाख रुपये लूटने का आरोप है।
पीड़ित की शिकायत पर नालासोपारा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(5), 115(2), 352, 351(2), 189(2) और 190 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, संजय मेहरा समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया गया है और अन्य फरार आरोपिताें की तलाश की जा रही है।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार

