पालघर जिले में बारिश से तीन लोगों की मौत, 13.55 करोड़ की सड़क-पुल क्षति का अनुमान
मुंबई, 24 जुलाई (हि.स.)।
पालघर जिले में मूसलाधार बारिश के बीच डहाणू तहसील में अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। आगवन गांव निवासी जगदीश माच्छी (39) की बाढ़ के पानी में बह जाने से मौत हो गई। वहीं, आंबेवाड़ी (लाखतपाड़ा) निवासी रुपेश धाड़गा (30) खेत की ओर जाते समय पानी में पैर फिसलने से हादसे का शिकार हो गए। एक अन्य मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता देने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
भारी बारिश से सार्वजनिक निर्माण विभाग को भी व्यापक नुकसान हुआ है। जिले में करीब 29.45 किलोमीटर सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं। इसके अलावा 24 क्रॉस ड्रेनेज/कॉजवे और छह पुलों को नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, इनकी मरम्मत पर करीब 13.55 करोड़ रुपए खर्च होने की संभावना है। कई स्थानों पर विभाग ने तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जे सिंह

