विरार में इमारत के एक बंद फ्लैट से बरामद हुए तीन भाई-बहनों के शव, खुदकुशी की आशंका
मुंबई, 29 अक्टूबर, (हि. स.)। पालघर जिले के विरार पश्चिम से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां ग्लोबल सिटी परिसर में स्थित 'के-3 डी विंग एवेन्यू' इमारत के एक बंद फ्लैट में तीन भाई-बहनों के शव बरामद हुए हैं। प्राथमिक जांच के आधार पर पुलिस को आशंका है कि तीनों ने जहर खाकर सामूहिक रूप से आत्महत्या की है। हालांकि, मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस और फोरेंसिक टीम गहराई से जांच कर रही है।पुलिस के अनुसार, यह मामला तब सामने आया जब बंद फ्लैट से अचानक बहुत तेज दुर्गंध आने लगी। पड़ोसियों ने इसकी जानकारी तुरंत इमारत के सेक्रेटरी को दी, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब दरवाजा तोड़ा तो अंदर तीनों के शव संदिग्ध अवस्था में बरामद हुए। मृतकों की उम्र 40 से 50 वर्ष से अधिक बताई जा रही है, जिनमें दो भाई और उनकी एक बहन शामिल हैं। मृतकों में से एक भाई का नाम कुमार मेहता बताया गया है। बताया जा रहा है कि, मरने से पहले उन्होंने मोबाइल पर एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया था, जिसमें बीमारी और गंभीर आर्थिक तंगी का जिक्र किया गया है। माना जा रहा है कि इसी मानसिक और आर्थिक तनाव के कारण उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया।स्थानीय निवासियों के अनुसार, इस हाईप्रोफाइल सोसाइटी में पिछले एक साल के भीतर आत्महत्या की यह तीसरी बड़ी घटना है। इससे पहले करीब दो महीने पहले एक पूर्व सैन्य अधिकारी ने यहां खुदकुशी कर ली थी। वहीं, उससे कुछ समय पहले 10वीं कक्षा के एक छात्र ने 14वीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी थी। फिलहाल पुलिस ने एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट दर्ज कर ली है और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार

