home page

छात्रो को इंसाफ मिलने तक जारी रहेगी लड़ाई: नसीम खान

 | 

मुंबई, 26 जुलाई (हि.स.)। नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद रविवार को मुंबई के चांदीवली विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की तरफ से विजयी तिरंगा मार्च निकाला गया। इस मोर्चे का कांग्रेस नेता व पूर्व मंत्री नसीम खान और महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी ने नेतृत्व किया। नसीम खान ने कहा कि छात्रों को न्याय मिलने तक यह लड़ाई जारी रहेगी।

बैलबाजार मनपा स्कूल से शुरू हुआ यह मार्च बेदी हॉल, काजूपाड़ा पाइपलाइन, 90 फीट रोड होते हुए साकीनाका मेट्रो स्टेशन तक निकाला गया। मोर्चे का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। उसके बाद वहां मौजूद लोगों को मेलोडी चॉकलेट बांटकर जश्न मनाया गया। नसीम खान ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा छात्रों की इंसाफ की लड़ाई में सिर्फ पहला कदम है, आखिरी जीत नहीं। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में निष्पक्ष जांच हो और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी मांग की कि विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रों के खिलाफ दर्ज सभी मामले वापस लिए जाएं।

नसीम खान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करोड़ों छात्रों के भविष्य के साथ हुए अन्याय के लिए देश से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। इस मार्च में कांग्रेस के पदाधिकारी, छात्र, युवा, माता-पिता और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार