home page

25 वर्ष पुरानी देवकुंडी बांध परियोजना को दी जाएगी गति, लाखों नागरिकों को होगा फायदा

 | 
25 वर्ष पुरानी देवकुंडी बांध परियोजना को दी जाएगी गति, लाखों नागरिकों को होगा फायदा


मुंबई, 25 मई, (हि. स.)। वसई-विरार शहर महानगरपालिका क्षेत्र सहित पूरे वसई तालुका की पानी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगभग 25 वर्ष पूर्व प्रस्तावित देवकुंडी बांध परियोजना को विधायक स्नेहा दुबे पंडित के प्रयासों से नई गति मिलने की उम्मीद जगी है। वर्षों से प्रशासनिक कारणों से लंबित यह परियोजना अब एक बार फिर चर्चा में आ गई है।

विधायक स्नेहा दुबे पंडित लगातार वसई तालुका की जलसमस्या को लेकर शासन स्तर पर सक्रिय हैं। इसी दौरान उन्हें महाराष्ट्र शासन द्वारा पूर्व में प्रस्तावित देवकुंडी बांध परियोजना की जानकारी मिली। परियोजना के प्रारंभिक आराखड़े तैयार होने के बावजूद यह योजना लंबे समय से अटकी हुई थी। इसके बाद विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने उपलब्ध दस्तावेजों का अध्ययन कर महाराष्ट्र के जलसंपदा मंत्री गिरीश महाजन से मुलाकात की और परियोजना को तत्काल शुरू करने की मांग करते हुए लिखित निवेदन सौंपा।

मंत्री गिरीश महाजन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके बाद पालघर सिंचाई विभाग ने प्रशासनिक प्रक्रिया आगे बढ़ाते हुए आवश्यक सर्वेक्षण और तकनीकी जांच के लिए वन विभाग से पत्राचार शुरू कर दिया है। कामण नदी पर प्रस्तावित इस परियोजना से भविष्य में लाखों नागरिकों की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान होने की उम्मीद जताई जा रही है। विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने कहा कि बढ़ते शहरीकरण और जल आवश्यकता को देखते हुए यह परियोजना वसई के भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार