ठाकरे गुट के शिवसैनिकों ने कहा, उन्हें जाने दो हमें आने दो
मुंबई, 18 जून (हि.स.)। शिवसेना (यूबीटी) के 6 सांसदों की बगावत के बाद महाराष्ट्र की राजनीति गरमा गई है। इस बीच ठाकरे सेना के शिवसैनिकों में उत्साह देखा जा रहा है। शिवसैनिकों ने उद्धव ठाकरे का हौसला बढ़ाया है और भरोसा दिलाया है कि जिन्हें जाना है, उन्हें जाने दीजिए और हमें आने दीजिए। इस संबंध में शिवसैनिकों की ओर से बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
शिवसेना (यूबीटी) के सूत्रों के अनुसार ऑपरेशन टाइगर और दिल्ली में घट रही घटनाओं की पल-पल की जानकारी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को प्राप्त हो रही थी। इसलिए पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने पहले ही साफ कर दिया था कि जिसे जाना है, उसे कोई रोक नहीं सकता, उनके जाने से हमें धरातल पर कोई फर्क नहीं पड़ता। अब इसी लय में शिवसैनिक उतरे हैं। साफ तौर पर कहा जा रहा है कि पैसों का खेल चल रहा है। इस तरह की राजनीति हमें पसंद नहीं है। आगे जो होगा देखा जाएगा। हम पूरी ईमानदारी के साथ शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे के सिद्धांतों के साथ रहेंगे।
मुंबई मनपा में नेता प्रतिपक्ष किशोरी पेडणेकर का कहना है कि पैसों का खेल चल रहा है। जिसे जाना है, वह शौक से चला जाए। हमें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। हम उद्धव के साथ रहेंगे। नगरसेवक सचिन पडवल के अनुसार यह खेल आसान नहीं है अभी पार्टी छोड़ने वालों को पार्टी गठन व विलय के लिए पापड़ बेलने पड़ेगी। कुछ समय के लिए पार्टी को डैमेज करने के लिए उनका पैंतरा कामयाब हो सकता है। उनका आखिरी बहना यही होगा कि सरकार में रहते हुए क्षेत्र के विकास के लिए फंड मिलने लगेगा। जो कुछ नहीं थे उन्हें उद्धव ने अवसर दिया और राजनीति की मुख्यधारा में लाया। अब वे अहसान भूल गए हैं। आप चले जाइए और पार्टी के वफादार शिवसैनिकों को मौका दीजिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

