home page

विदर्भ में प्रदूषण को लेकर ठाकरे गुट और भाजपा में ठनी

 | 

मुंबई, 14 अप्रैल (हि.स.)। विदर्भ में माइनिंग इंडस्ट्री की वजह से प्रदूषण फैलने के मुद्दे को लेकर शिवसेना (यूबीटी) और भाजपा में ठन गई है। यूबीटी के सांसद संजय ऱाऊत ने महायुति सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि रॉयल स्टील नाम की एक कंपनी ऐसा बर्ताव कर रही है जैसे वह बीजेपी की पार्टनर हो और इलाके में बहुत ज़्यादा प्रदूषण फैला रही है। इधर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नवनाथ बन ने राऊत पर पलटवार किया है कि ऱाऊत तीन साल पुरानी तस्वीरें पेश कर गुमराह कर रहे हैं। उन्हें झूठ बोलना बंद कर देना चाहिए।

राऊत ने आरोप लगाया कि नक्सलवाद खत्म करने के नाम पर माइनिंग इंडस्ट्री को खुली छूट दी जा रही है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर उन्होंने शिकायत की है और इस पर कड़ा रुख अपनाने की मांग की है। उहोंने कहा कि विदर्भ में माइनिंग इंडस्ट्री की वजह से स्थानीय लोगों परेशानियां आ रही हैं। कुछ दिनों पहले कई स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उनसे मिलकर अपनी दिक्कतें बताईं थीं। रॉयल स्टील कंपनी की वजह से झरने और झीलें खराब हो रही हैं। पानी में केमिकल मिल रहे हैं। लोगों को पेयजल की कमी हो रही है। कीचड़ में फंसने से सात गायों की भी मौत हुई है। राऊत ने कहा कि संबंधित इंडस्ट्रीज़ ने सत्ताधारी पार्टियों को बड़ा डोनेशन दिया है, शायद इसीलिए उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं हो रही है। रॉयल कंपनी का लाइसेंस फौरन रद्द किया जाना चाहिए।

इधर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नवनाथ बन ने कहा कि राऊत ने पत्र के साथ मुख्यमंत्री फडणवीस को जो तीन तस्वीरें दी हैं, वह तीन साल पुरानी झूठी तस्वीरें हैं। यह प्रदूषण नहीं बल्कि मिट्टी में आयरन की मात्रा ज़्यादा होने का मामला है। यदि रिसर्च करना है को न करें लेकिन कम से कम झूठ तो न बोलें। वह जगह एटापल्ली तहसील में मल्लमपफी है। वह खदान से करीब चार किमी दूर है। मिट्टी में आयरन की मात्रा ज़्यादा होने के कारण पानी के संपर्क में आने पर लाल पानी बनता है। इस तरह की मिट्टी उड़ीसा, झारखंड, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, गोवा और महाराष्ट्र के गडचिरोली और रत्नागिरी इलाकों में पाई जाती है। होर्मुज में भी लाल रेत का एक आइलैंड है, जहां आयरन का स्तर ज़्यादा है। राऊत इसलिए परेशान हैं क्योंकि गडचिरोली में नक्सलवाद खत्म हो गया है और विकास का दौर शुरू हो गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार