home page

टीईटी पेपर लीक मामलाः स्कूली शिक्षा मंत्री भुसे के घर के बाहर युवक कांग्रेस का आंदोलन

 | 

मुंबई. 28 जून (हि.स.)। नीट के बाद राज्य में हुए टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (टीईटी) पेपर लीक मामले को लेकर हलचल मची हुई है। इस मामले को लेकर विपक्ष आक्रामक हो गया है। रविवार को कांग्रेस पार्टी की युवक कांग्रेस इकाई ने स्कूली शिक्षा मंत्री दादा भुसे के मुंबई स्थित सरकारी बंगले का घेराव किया और जमकर नारेबाजी की।

युवा कांग्रेस की मुंबई अध्यक्ष जीनत शबरीन की नेतृत्व में इकट्ठा हुए कार्यकर्ताओं ने मंत्रालय और शिक्षा मंत्री भुसे के बंगले के सामने विरोध प्रदर्शन किया. गुस्साए कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की. कार्यकर्ताओं ने पेपर चोर गद्दी छोड़ के नारे लगाए और बंगले के बाहर पोस्टर चस्पा कर दिए। पुलिस ने शबरीन सहित कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। जीनत शबरीन ने कहा कि नीट के बाद अब टीईटी का पेपर लीक हो गया है। भाजपा सरकार में हर परीक्षा का पेपर लीक हो रहा है। इससे लाखों विद्यार्थियों का भविष्य अंधेरे में जा रहा है। छात्रों की जान से खेलने वाली इस सरकार को सत्ता में रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। शिक्षा मंत्री भुसे को पूरे मामले की जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।

शबरीन ने कहा कि सरकार को निष्पक्ष जांच करानी चाहिए। पेपर लीक के पीछे के पूरे रैकेट का पर्दाफाश होना चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक विद्यार्थियों को न्याय नहीं मिल जाता और पेपर लीक के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हो जाती, तब तक यूथ कांग्रेस की लड़ाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार