home page

मुंबई की तीन रीडेवलपमेंट परियोजनाओं का टेंडर जारी

 | 

मुंबई, 07 अप्रैल (हि.स.)। मुंबई के आदर्श नगर, बांद्रा रिक्लेमेशन और सरदार वल्लभभाई पटेल नगर (एसवीपी) के रीडेवलेपमेंट को हरी झंडी मिल गई है। राज्य सरकार से स्वीकृति मिलने के बाद म्हाडा के मुंबई बोर्ड ने मंगलवार को रीडेवलपमेंट के लिए टेंडर जारी कर दिया है। इन तीनों परियोजनाओं के काम के लिए निजी ठेकेदारों की नियुक्ति की जाएगी।

वर्ली के म्हाडा कॉलोनी आदर्श नगर, बांद्रा के बांद्रा रिक्लेमेशन और अंधेरी पश्चिम के एसवीपी नगर का रीडेवलपमेंट का काम लटका हुआ था। इन तीनों परियोजनाओं का प्रस्ताव मंज़ूरी के लिए राज्य सरकार को भेजा गया था। राज्य सरकार की एक उच्चस्तरीय समिति ने तीनों परियोजनाओं के प्रस्ताव को मंज़ूरी दे दी है। इसके बाद म्हाडा ने तीनों परियोजनाओं के निर्माण के लिए तीन अलग-अलग टेंडर जारी किए। रीडेवलपमेंट परियोजना के तहत 10 हज़ार से ज़्यादा फ्लैट धारकों को फिर से बसाया जाएगा। आदर्श नगर के 863 फ्लैट धारकों को 800 से 2500 वर्ग मीटर के घर दिए जाएंगे। बांद्रा रिक्लेमेशन में 4 हजार से ज़्यादा फ्लैट धारकों को भी बड़े घर दिए जाएंगे। इन तीनों परियोजनाओं से मुंबई बोर्ड को बड़ी संख्या में घर मिलेंगे। इन घरों को लॉटरी के ज़रिए आम लोगों को दिए जाएंगे। इससे म्हाडा को 5 हजार करोड़ से ज़्यादा का राजस्व प्राप्त होगा।

म्हाडा अधिकारियों के अनुसार टेंडर जमा करने का काम बुधवार से शुरू होगा। इसकी अंतिम तारीख 11 मई निर्धारित की गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद डेवलपर को नियुक्त किया जाएगा। उसके बाद नियुक्त डेवलपर के ज़रिए परियोजना का प्लान तैयार किया जाएगा। प्लान को मंजूरी मिलने के बाद ही रीडेवलपमेंट का काम शुरू होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार