कालाचौकी अभ्युदय नगर के रीडेवलपमेंट का टेंडर मंजूर
मुंबई, 07 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र हाउसिंग एंड एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (म्हाडा) ने दक्षिण मुंबई के कालाचौकी स्थित अभ्युदय नगर के ग्रुप रीडेवलपमेंट परियोजना का टेडर स्वीकार कर लिया है। अब इस कॉलोनी में 210 वर्ग फीट के घरों में रहने वाले लोगों को 641 वर्ग फीट का फ्लैट मिलेगा।
म्हाडा ने एमएमजीएन अग्रो प्रॉपर्टी प्राइवेट लिमिटेड, एमएनएनपी बिल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड, एम. होनेस्ट शेल्टर प्राइवेट लिमिटेड का टेंडर स्वीकार किया है। निर्माण और विकास के आधार पर अभ्युदय नगर म्हाडा कॉलोनी के क्लस्टर डेवलेपमेंट के लिए डेवलपर नियुक्त करने का प्रस्ताव 27 फरवरी, 2024 को हुई कैबिनेट की बैठक में मंजूर किया गया था। इसके तहत गृह निर्माण विभाग ने 6 मार्च 2026 को एक सरकारी निर्णय जारी किया था। डेवलपर नियुक्त करने के लिए म्हाडा मुंबई बोर्ड ने एक टेंडर जारी किया था। सरकार की उच्च स्तरीय समिति की मंजूरी के बाद पुनर्विकास परियोजना के लिए निविदा जारी की गई थी।
अभ्युदय नगर में वर्तमान में 1,33,593 वर्ग मीटर (33 एकड़) के भूखंड पर 48 इमारतें हैं और 210 वर्ग फीट के 3410 फ्लैट हैं। इसमें 3335 आवासीय फ्लैट और 75 गैर-आवासीय फ्लैट शामिल हैं। कई वर्षों से लंबित इन इमारतों को विकसित करने की जिम्मेदारी म्हाडा के मुंबई बोर्ड को सौंपी गई है। बोर्ड ने सी एंड डी प्रारूप के अनुसार अभ्युदय नगर के पुनर्विकास की प्रक्रिया को पूरा करने का फैसला किया है। निविदा के अनुसार परियोजना पूरी होने तक डेवलपर प्रति फ्लैट धारक को 25 हजार रुपये प्रति माह देने का प्रावधान शामिल था। बोलीदाताओं के टेंडर की स्वीकृति का प्रस्ताव सरकार को प्रस्तुत किया गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

