home page

मुंबई में गिरा पारा, हल्की ठंड का अहसास

 | 

मुंबई, 11 नवंबर (हि.स.)। मुंबई सहित महाराष्ट्र के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मायानगरी में सुबह और शाम को गुलाबी ठंड का अहसास होने लगा है। न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया है। तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी देखी जा रही है। हालांकि दिन के तापमान में हल्की गर्मी बरकरार है।

मुंबई के सांताक्रूज में बुधवार को न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोंकण क्षेत्र के डहाणू में भी पारा 20 डिग्री और रत्नागिरी में 20.4 डिग्री तक लुढ़क गया है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी और उत्तर-पूर्वी हवाओं के चलने से सुबह के समय हल्की धुंध और ठंडक महसूस की जा रही है। हालांकि दिन में आसमान साफ रहने के कारण अधिकतम तापमान 34 डिग्री से 35 डिग्री के आसपास बना हुआ है। तापमान में गिरावट और शुष्क हवाओं के कारण शहर की हवा में धुंध बनी हुई है। बुधवार को मुंबई का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 135 दर्ज किया गया। यह 'खराब' श्रेणी में माना जाता है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क और आसमान साफ रहेगा। रात में हल्की ठंडक बरकरार रहेगी। दिन में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की अनुमान है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार