home page

तेजस ठाकरे राजनीति में सक्रिय, दुर्लभ मछली तस्करी को लेकर केंद्र को लिखा पत्र

 | 

मुंबई, 14 अक्टूबर (हि.स.)। बालासाहेब ठाकरे पोते व उद्धव ठाकरे के छोटे पुत्र तेजस ठाकरे भी राजनीति में सक्रिय होते दिखाई दे रहे हैं। बीते दिनों शिवाजी पार्क इलाके में हुई शिवसैनिकों की गिरफ्तारी के विरोध में बड़े भाई आदित्य ठाकरे और अमित ठाकरे के साथ सड़क पर उतरने वाले तेजस ने अब फिर राजनीतिक भूमिका अपनाई है। उन्होंने केंद्र सरकार को दुर्लभ बोर्ना स्नेकहेड मछली की तस्करी पर अंकुश लगाने की मांग को लेकर पत्र लिखा है और तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है।

केंद्र सरकार को पहली बार पत्र लिखे जाने के बाद तेजस के राजनीति में सक्रिय होने की चर्चा शुरू हो गई है। उन्होंने केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव को एक चिट्ठी लिखकर दुर्लभ बोर्ना स्नेकहेड मछली की तस्करी के मुद्दे पर सरकार का ध्यान खींचा है। यह दुर्लभ मछली पश्चिम बंगाल में चेल नदी बेसिन में पाई जाती है। चिट्ठी में दावा किया गया है कि अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए अवैध शिकार हो रहा है। इस मछली को ठाकरे वाइल्डलाइफ फाउंडेशन के शोधकर्ताओं ने साल 2025 में खोजा था। सीमित आवास के कारण इसका अस्तित्व गंभीर रूप से खतरे में है। वाइल्डलाइफ प्रोटेक्शन एक्ट के तहत उनकी सुरक्षा की जानी चाहिए। अवैध शिकार को रोकने के लिए विशेष गश्ती दल तैनात किए जाने चाहिए। तेजस ने केंद्र सरकार से चेल नदी के महत्वपूर्ण हिस्सों में सुरक्षित जलीय क्षेत्र बनाने की मांग की है।

पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद देश में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ माहौल गरमाया हुआ है। मतदाता सूची में गड़बड़ी को लेकर उनके इस्तीफे की मांग की जा रही है। बीते दिनों मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज पार्क में सीजेपी का आंदोलन हुआ था। ठाकरे सेना और मनसे ने इसे समर्थन दिया। लेकिन पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को प्रदर्शन स्थल तक पहुंचने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया। शिवसेना भवन से भी शिवसैनिकों को हिरासत में लिया गया। इस वजह से आदित्य और अमित ठाकरे ने पुलिस कार्रवाई के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया था। इस समय तेजस ठाकरे ने भी अपनी भागीदारी दिखाई थी। पहली बार तेजस ने जेन-जी आंदोलन में हिस्सा लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार