नालासोपारा में किशोरी से सामूहिक दुराचार
मुंबई, 17 अगस्त, (हि. स.)। पालघर जिले के नालासोपारा (पूर्व) में दो नाबालिग लड़कों ने एक किशोरी के साथ चाॅल के एक बंद कमरे में दुराचार किया। आरोपियों ने पूरी वारदात का अश्लील वीडियो भी बना लिया और भाई को जान से मारने की धमकी देकर पीड़िता का मुंह बंद कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वारदात 11 जुलाई की दोपहर करीब 12 बजे की है। आरोपियों ने पीड़िता के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मैसेज भेजकर उसे इमारत के नीचे बुलाया। इसके बाद किसी काम का बहाना बनाकर उसे नालासोपारा पूर्व स्थित एक चाल के कमरे में ले गए। वहां दोनों ने किशोरी के साथ सामूहिक दुराचार किया। जब पीड़िता ने विरोध करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने मोबाइल में रिकॉर्ड किया गया वीडियो इंटरनेट पर वायरल करने और उसके भाई की हत्या करने की खौफनाक धमकी दी। डर के मारे पीड़िता ने यह खौफनाक दर्द अपने सीने में ही दबाए रखा। इस पूरी वारदात का खुलासा 15 अगस्त को तब हुआ, जब पीड़िता के मामा घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को बताया कि किशोरी का एक आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आते ही पीड़िता फूट-फूटकर रो पड़ी और अपनी मां को आपबीती सुनाई। इसके बाद रविवार की रात पीड़िता अपनी मां के साथ तुलिंज पुलिस स्टेशन पहुंची और आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए तुलिंज पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विजय जाधव ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की सख्त धाराओं 70(2), 65(1), 351(2), 351(3)के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट (पॉस्को) की धारा 4, 6, 8, 10 और आईटी एक्ट की धारा 66(ई), 67(बी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दोनों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लेकर भिवंडी स्थित बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार

