home page

जेजे अस्पताल में मुफ्त हुई टीएवीआई सर्जरी

 | 

मुंबई, 03 अगस्त (हि.स.)। दक्षिण मुंबई के प्रशिद्ध सर जेजे अस्पताल ने स्वास्थ्य सेवा के इतिहास में एक नया अध्याय लिखा है। महात्मा ज्योतिराव फुले जन आरोग्य योजना के तहत अस्पताल में पहली बार अत्याधुनिक ट्रांसकैथेटर एओर्टिक वाल्व इम्प्लांटेशन सर्जरी (टीएवीआई) को सफलतापूर्वक पूरा किया गया है। इस प्रक्रिया से न केवल डॉक्टरों ने 63 वर्षीय मरीज की जान बचाई, बल्कि ओपन हार्ट सर्जरी का जोखिम भी टाल दिया गया।

निजी अस्पतालों में लाखों रुपए में होने वाली यह जीवनरक्षक तकनीक एमजेपीजेएवाई योजना के तहत पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध कराई गई है। डीन डॉ. अजय भंडारवार और डॉ. अजय महाजन के नेतृत्व में हुए इस चमत्कारिक इलाज से गरीब मरीजों के लिए उन्नत हृदय चिकित्सा के द्वार खुल गए हैं। मरीज अब पूरी तरह स्वस्थ और स्थिर है। दरअसल जालना के रहने वाले 63 वर्षीय एक मरीज गंभीर एओर्टिक वाल्व स्टेनोसिस और जटिल कोरोनरी धमनी रोग से जूझ रहे थे। पूर्व में बाईपास सर्जरी कराने के कारण पारंपरिक ओपन-हार्ट सर्जरी उनके लिए अत्यधिक जोखिम भरी थी। कार्डियोलॉजी और सीवीटीएस विभागों की विशेषज्ञ टीम ने पहले एंजियोप्लास्टी कर रक्त प्रवाह सुधारा और फिर इस न्यूनतम इनवेसिव टीएवीआई प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार