home page

अजीत पवार के समय हुई थी दोनों एनसीपी के विलय की बातचीतः सुनील तटकरे

 | 

मुंबई, 16 जुलाई (हि.स.)। महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री दिवंगत अजीत पवार जब जीवित थे तो दोनों एनसीपी के विलय की बातचीत हुई थी। यह चर्चा दोनों दलों में अंतिम चरण में थी। यह जानकारी एनसीपी (एपी) के प्रदेशाध्यक्ष सुनील तटकरे ने दी है।

एनसीपी (एपी) के सांसद सुनील तटकरे ने स्वीकार किया है कि जब स्वर्गीय अजीत पवार ज़िंदा थे, तब एनसीपी के दोनों गुटों के विलय की बातचीत आखिरी चरण में पहुंच गई थी। खास बात यह है कि तटकरे लगातार कहते रहे हैं कि अजीत दादा की मौत के बाद ऐसी कोई बातचीत नहीं हुई थी। अब उनके नए बयान से राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई है। तटकरे ने गुरुवार को प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि जब अजीत पवार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे, तब विलय की चर्चा हो रही थी और मुझे इसकी पूरी जानकारी थी। हालांकि अजीत पवार के दुर्भाग्यपूर्ण निधन के बाद, वे चर्चाएं पूरी तरह से रुक गईं। उन्होंने कहा कि सुप्रिया सुले और शशिकांत शिंदे ने घोषणा की है कि शरद पवार गुट की बैठक में विलय का मुद्दा समाप्त हो चुका है। उन्होंने साफ किया कि अभी ऐसी कोई चर्चा नहीं चल रही है।

तटकरे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ हुई बैठक के बारे में भी सफाई दी। उन्होंने कहा कि जयंत पाटिल के साथ कोई बैठक नहीं हुई। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष व उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के साथ उनकी पहले की तरह नियमित बातचीत होती है और कोई मतभेद नहीं है। तटकरे ने बताया कि वह जल्द ही सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में मुख्यमंत्री फडणवीस से मिलेंगे और वित्त मंत्री समेत कई मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार