home page

सुनेत्रा पवार 2029 में बनेंगी मुख्यमंत्री : जय पवार

 | 

मुंबई, 07 मई (हि.स.)। महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के बेटे जय पवार ने कहा कि उनकी मां सुनेत्रा पवार वर्ष 2029 में राज्य की मुख्यमंत्री बनेंगी। जय पवार के इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है।

बारामती में जनता दरबार के आयोजन के बाद मीडिया से बातचीत में जय पवार ने कई राजनीतिक मुद्दों पर अपना पक्ष रखा। सुनेत्रा पवार के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई राज्यसभा सीट पर उनके नाम की चर्चा होने के मुद्दे पर जय पवार ने साफ किया है कि यह सही है कि उनके नाम की चर्चा है, लेकिन वे यहां सबके लिए काम करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि सभी बारामतीकरों और राज्य की जनता की इच्छा थी कि पूर्व उपमुख्यमंत्री व उनके पिता दिवंगत अजित पवार प्रदेश के एक बार मुख्यमंत्री बनें। लेकिन उनके निधन के बाद यह इच्छा अधूरी रह गई। अब मेरी मां सुनेत्रा बहुत मेहनत कर रही हैं। मुझे लगता है कि मेरी मां साल 2029 में बारामती से विधानसभा का चुनाव लड़ेंगी। हम सभी को उम्मीद है कि सुनेत्रा पवार राज्य की मुख्यमंत्री बनेगीं।

वर्तमान में महायुति सरकार में देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री हैं। एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार उपमुख्यमंत्री हैं। भाजपा भविष्य में भी फडणवीस को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहती है। शिवसेना शिंदे गुट के पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकनाथ शिंदे के मुख्यमंत्री पद की इच्छा जता रहे हैं। इसलिए, साल 2029 के चुनाव में महायुति के मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार कौन होगा? इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार