दिल्ली पहुंची सुनेत्रा पवार, करेंगी राहुल गांधी से मुलाकात !
मुंबई, 08 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र के बारामती विधानसभा उपचुनाव को लेकर, राजनीतिक हलचलें तेज हो गई हैं. चुनाव निर्विरोध कराने की कोशिशें चल रही हैं. इस बीच एनसीपी (एपी) की उम्मीदवार व उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार दिल्ली पहुंच गई हैं। चर्चा है कि वह लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी व कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात करेंगी और उनसे निर्विरोध चुनाव को लेकर चर्चा करेंगी।
पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद बारामती सीट पर उपचुनाव कराए जा रहे हैं। इस उपचुनाव में सुनेत्रा पवार सहित 52 उम्मीदवार मैदान में हैं। कांग्रेस के उम्मीदवार ने भी नामांकन भरा है। कांग्रेस के इस सीट पर उम्मीदवार उतारने के बाद से समीकरण और मुश्किल हो गए हैं। नाम वापस लेने की आखिरी तारीख कल गुरुवार को दोपहर तक है। चुनाव निर्विरोध हो सके इसलिए सुनेत्रा ने अलग-अलग पार्टियों से संपर्क किया है। वह मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मिल चुकी है। इससे पहले उन्होंने शिवसेना (ठाकरे गुट) के पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे फोन करके सहयोग मांगा था। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार का नामांकन वापस लेने के लिए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल से भी फोन पर बात की थी। उस समय, सपकाल ने उन्हें पार्टी हाईकमान से संपर्क करने की सलाह दी थी।
इस बीच, सुनेत्रा पवार दिल्ली पहुंच गई हैं। पार्थ पवार कल गुरुवार को राज्यसभा की सदस्यता की शपथ लेने वाले हैं। सूत्रों के अनुसार सुनेत्रा अपने दिल्ली दौरे के दरम्यान राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात करेंगी। इस मुलाकात के दौरान बारामती उपचुनाव निर्विरोध कराने पर चर्चा होने की संभावना है। देखना दिलचस्प होगो कि आखिर कांग्रेस की भूमिका क्या होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

