home page

सुले-तावड़े की मुलाकात से फिर सियासी हलचल

 | 

मुंबई, 13 अगस्त (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार की पार्टी एनसीपी के एनडीए में शामिल होने की चर्चाएं जोरों पर हैं। इस बीच पार्टी की सांसद सुप्रिया सुले और बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े के एक ही कार में जाने से राजनीति में अटकलों का बाजार गर्म हो गया है। दिल्ली के महाराष्ट्र सदन में जल जीवन मिशन की बैठक चल रही थी, तभी दोनों अचानक बैठक छोड़कर एक ही कार में निकल गए।

सुप्रिया सुले को एनसीपी में शरद पवार के अहम फैसले लेने की प्रक्रिया में असरदार माना जाता है। वहीं विनोद तावड़े भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव हैं। इसलिए पार्टी के नेशनल लेवल पर अहम फैसलों में उनकी भूमिका होती है। इस बात पर बहस शुरू हो गई है कि दोनों का एक साथ जाना सिर्फ एक इत्तेफाक है या इसके पीछे कोई राजनीतिक संदेश है।

एनसीपी के सांसद अमोल कोल्हे ने कहा कि दोनों एक बैठक में जा रहे थे, इसलिए इसका राजनीतिक मतलब निकालने की कोई जरूरत नहीं है। पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुनील तटकरे ने भी साफ किया है कि दोनों एक साथ गए, क्योंकि उन्हें एक स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में शामिल होना था। इस बीच, जलजीवन मिशन की बैठक में, सत्ताधारी और विपक्षी पार्टियों के सांसदों ने फंडिंग के मुद्दे पर नाराजगी जताई। मांग की गई कि केंद्र और राज्य दोनों को योजना का 50 प्रतिशत खर्च उठाना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार