home page

पुणे जिला परिषद स्कूलों के 25 मेधावी विद्यार्थी नासा के 10 दिवसीय शैक्षणिक दौरे पर रवाना

 | 

पुणे, 20 नवंबर (हि.स.)। पुणे जिला परिषद के स्कूलों के 25 मेधावी विद्यार्थी शुक्रवार को अमेरिका स्थित नासा के 10 दिवसीय शैक्षणिक दौरे के लिए रवाना हुए हैं।

नासा जा रहे विद्यार्थियाें में कक्षा 6 से 8 तक के छात्र शामिल हैं। इनका चयन इंटर-यूनिवर्सिटी सेंटर फॉर एस्ट्रोनॉमी एंड एस्ट्रोफिजिक्स (आईयूसीएए) द्वारा आयोजित तीन चरणों की परीक्षा के माध्यम से किया गया है, जिसमें जिला परिषद स्कूलों के लगभग 20,000 छात्रों ने भाग लिया था। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में विज्ञान और अंतरिक्ष अनुसंधान के प्रति रुचि जगाने के लिए यह विशेष पहल शुरू की गयी है।

इस 10 दिनों के अमेरिकी दौरे के दौरान छात्र नासा के केंद्रों के साथ स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय और गूगल के मुख्यालय का भी दाैरा करेंगे। जहां वे वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों से संवाद करेंगे।

पुणे जिला परिषद और आईयूसीएए के इस संयुक्त कार्यक्रम के दूसरे वर्ष में कुल 100 ग्रामीण छात्रों को चुना गया है, जिनमें से 25 विद्यार्थी नासा (अमेरिका), 25 विद्यार्थी यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी (इएसए) और 50 विद्यार्थी भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसराे) के शैक्षणिक दौरे पर जा रहे हैं।

पुणे जिला परिषद के सीईओ गजानन पाटिल के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली छात्राें को वैश्विक स्तर का अनुभव प्रदान करना है ताकि वे भविष्य में विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राघवेंद्र त्रिपाठी