महाराष्ट्र के विद्यार्थी करेंगे अमेरिका के नासा का दौरा
मुंबई, 26 मार्च (हि.स.)। महाराष्ट्र सरकार ने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने के मकसद से अहम निर्णय लिया है। राज्य के 51 मेधावी छात्रों को अमेरिका के नासा के शैक्षणिक दौरे पर भेजने का निर्णय लिया गया है। इस पहल के लिए 3.30 करोड़ रुपये का खर्च मंजूर किया गया है।
सरकार का कहना है कि इस योजना से छात्रों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ेगी और उन्हें भविष्य में अनुसंधान के क्षेत्र में करियर बनाने की प्रेरणा मिलेगी। ‘मुख्यमंत्री विद्यार्थी विज्ञान वारी’ योजना के तहत 51 मेधावी छात्रों को नासा के शैक्षणिक दौरे पर भेजने का फैसला लिया है। यह मौका उन मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगा, जिन्होंने राज्यस्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है।
योजना को तहसील, जिला और राज्य स्तर पर लागू किया जाएगा। तहसील स्तर पर छात्रों को स्थानीय विज्ञान केंद्रों का भ्रमण कराया जाएगा। जिला स्तर पर करीब 180 विद्यार्थियों और शिक्षकों को इजरो, बेंगलुरु की यात्रा भेजा जाएगा। राज्य स्तर पर चयनित 51 छात्रों को नासा दौरे के लिए चयनित किया जाएगा। जहां वे अंतरिक्ष विज्ञान और अनुसंधान से जुड़ी आधुनिक तकनीक का प्रत्यक्ष अनुभव ले सकेंगे। हर विद्यार्थी पर करीब 6 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे, जिसमें यात्रा, वीज़ा और ठहरने का प्रबंध शामिल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

