home page

नालासोपारा के जिला परिषद स्कूल में कुकर फटने से दो छात्र झुलसे

 | 
नालासोपारा के जिला परिषद स्कूल में कुकर फटने से दो छात्र झुलसे


मुंबई, 8 सितंबर, (हि. स.)। नालासोपारा के जिला परिषद स्कूल में मंगलवार दोपहर मध्याह्न भोजन के लिए खिचड़ी बनाते समय कुकर अचानक फट गया। इस हादसे में दो छात्र झुलस गए। साथ ही बच्चों के लिए खाना बना रही रसोइया के भी झुलसने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और घायल छात्रों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

घायल छात्रों की पहचान आयुष चौधरी और प्रसाद गौतम के रूप में हुई है। आयुष कक्षा तीसरी और प्रसाद कक्षा पांचवीं का छात्र है। स्थानीय नगरसेवक अतुल सालुंखे के अनुसार, स्कूल में बच्चों के लिए खिचड़ी तैयार की जा रही थी। इसी दौरान अचानक कुकर फट गया और रसोई के पास मौजूद दोनों छात्र इसकी चपेट में आ गए। मनपा महापौर अजीव पाटील ने बताया कि घायल बच्चों को विरार के संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने मामले की जांच कराए जाने की बात कही है। जिला परिषद स्कूल में पहली से पांचवीं कक्षा तक करीब 130 बच्चे पढ़ते हैं। स्कूल में मराठी और गुजराती माध्यम की कक्षाएं संचालित होती हैं। छोटे बच्चों की इतनी संख्या वाले स्कूल में रसोई के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है। उन्होंने लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार