कुएं में डूबकर छात्र की मौत
मुंबई, 24 अक्टूबर, (हि. स.)। 10वीं की प्रीलिम परीक्षा देने के बाद दोस्तों के साथ कुएं में नहाने गया 16 वर्षीय छात्र प्रेम प्रवीण सावंत गहरे पानी में डूब गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची वसई विरार शहर मनपा अग्निशमन दल की टीम ने उसका शव कुएं से बाहर निकला। जानकारी के अनुसार, प्रेम वसई पूर्व के गोखीवरे स्थित दीपदर्शन परिसर में अपने परिवार के साथ रहता था। वह जी.जे. वर्तक विद्यालय में दसवीं कक्षा का छात्र था। शनिवार सुबह प्रीलिम परीक्षा देने के बाद वह 5-6 दोस्तों के साथ वसई पश्चिम के माणिकपुर स्थित उंबरवाडा, चर्च रोड के पास एक कुएं पर पहुंचा, और नहाने उतर गया। नहाते समय पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने से वह डूब गया। साथियों और स्थानीय लोगों को घटना का पता चलने पर पुलिस तथा वसई-विरार महानगरपालिका के अग्निशमन दल को सूचना दी गई। इस घटना ने इलाके में खुले कुओं की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े किए हैं। लोगों के मुताबिक, बच्चे अक्सर यहां नहाने आते हैं। उन्हें कई बार समझाया गया, लेकिन वे चेतावनियों को नजरअंदाज कर देते हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि नगर परिषद के समय कुएं पर सुरक्षा जाल लगाया गया था, जिसे बाद में हटा दिया गया। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से दोबारा सुरक्षा जाल लगाने की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार

