एसटी का राज्यव्यापी अभियान, वसूला 2.39 करोड़ जुर्माना
मुंबई, 27 जून (हि.स.)। महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन महामंडल (एसटी) ने टिकटों में गड़बड़ी और राजस्व नुकसान पर अंकुश लगाने के लिए राज्यव्यापी निरीक्षण अभियान चला रखा है। अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच 28,643 टिकट संबंधी अनियमितताएं सामने आईं हैं। बिना टिकट यात्रा करने वाले 76,927 यात्रियों से किराया और जुर्माना मिलाकर 2.39 करोड़ रुपए की वसूली की गई है।
एसटी अधिकारियों के अनुसार नियमित और औचक निरीक्षण से राजस्व की चोरी रोकने, टिकट व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाने और यात्रियों को वैध टिकट उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है। वित्तीय अनुशासन और सार्वजनिक परिवहन सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। निरीक्षण टीमों ने 12.48 लाख बस यात्राओं की जांच की और करीब 3.32 लाख चालक दल के सदस्यों का निरीक्षण किया।
जांच में 839 मामलों में कंडक्टरों द्वारा टिकट जारी किए बिना किराया वसूलने, 5,525 मामलों में यात्रियों के बिना टिकट यात्रा करने, 222 मामलों में पुराने टिकटों के दोबारा इस्तेमाल, 556 मामलों में नकदी की कमी और 677 मामलों में अधिक नकदी पाए जाने जैसी अनियमितताएं सामने आईं। इसके अलावा 20,818 अन्य परिचालन संबंधी गड़बड़ियां भी दर्ज की गईं। एमएसआरटीसी के अनुसार दोषी कर्मचारियों के खिलाफ वेतन वृद्धि रोकने, आर्थिक दंड लगाने और गंभीर मामलों में सेवा से बर्खास्तगी तक की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

