home page

भूकंप का तेज झटका, घरों से बाहर निकले लोग

 | 

मुंबई, 08 अक्टूबर (हि.स.)। पालघर जिले के सीमावर्ती तलासरी और डहाणू क्षेत्र में बुधवार शाम एक बार फिर भूकंप का तेज झटका महसूस किया गया। शाम करीब 7:16 बजे आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.7 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र तलासरी से उधवा के बीच कुझें क्षेत्र में कुझें बांध के पास जमीन के करीब 7 किलोमीटर नीचे बताया गया है। प्रशासन के अनुसार, भूकंप से अब तक किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।

भूकंप का झटका कुछ सेकंड तक महसूस किया गया। अचानक जमीन हिलने से तलासरी सहित आसपास के गांवों में अफरा-तफरी मच गई। घबराए लोग अपने घरों से निकलकर खुले स्थानों पर पहुंच गए। कई गांवों में देर तक लोगों में भय का माहौल बना रहा।

नवंबर 2018 से जारी है भूकंप का सिलसिला

तलासरी और डहाणू क्षेत्र में नवंबर 2018 से लगातार भूकंपीय गतिविधियां दर्ज की जा रही हैं। बुधवार को आया 3.7 तीव्रता का झटका इस क्षेत्र में महसूस किए गए अपेक्षाकृत तेज झटकों में शामिल बताया जा रहा है। लगातार भूकंप आने से सीमावर्ती गांवों के ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जे सिंह