home page

चीनी मिलों के कर्मियों की हड़ताल खत्म

 | 

मुंबई, 28 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के 10 चीनी मिलों के कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर चल रही अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल को खत्म कर दिया है। श्रम मंत्री आकाश फुंडकर के आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने यह निर्णय लिया।

श्रम मंत्री फुंडकर की अध्यक्षता में मंगलवार को अहम बैठक हुई। इसमें चीनो मिलों के कर्मचारियों की हड़ताल पर विस्तृत चर्चा हुई। मंत्री फुंडकर ने राज्य के चीनी उद्योग कर्मचारियों की लंबित मांगों पर मुख्यमंत्री की मौजूदगी में जल्द उच्चस्तरीय संयुक्त बैठक आयोजित करने का सकारात्मक आश्वासन दिया है। बैठक में श्रमिकों के रुके हुए वेतन का भुगतान, बंद चीनी मिलों को फिर से शुरू करने, ठेका कर्मचारियों के वेतन संबंधी मुद्दों का समाधान और श्रमिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने जैसी प्रमुख मांगों पर चर्चा हुई।

श्रम मंत्री ने स्पष्ट किया कि कई विषय सहकारिता विभाग और चीनी आयुक्तालय के अधिकार क्षेत्र में आते हैं। इसलिए सभी संबंधित विभाग मिलकर इन मुद्दों की समीक्षा करेंगे। आगामी बैठक में मुख्यमंत्री, चीनी मिलों के प्रतिनिधि और कर्मचारी संघ के पदाधिकारी एक साथ बैठकर अंतिम समाधान निकालेंगे। इस ठोस आश्वासन के बाद 10 चीनी मिलों में चल रही कर्मचारियों की हड़ताल वापस ले ली गई है। इस बैठक में विधायक विनय कोरे और श्रम विभाग के अधिकारियों मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार