अदालती प्रक्रिया के बाद घोषित होंगे 'स्ट्रीट वेंडर्स कमेटी' के चुनावी नतीजे
मुंबई, 30 मार्च (हि.स.)। सिटी स्ट्रीट वेंडर्स (फेरीवालों) की मेन कमेटी और सात ज़ोनल कमेटी के चुनावों की मतगणना सोमवार को पूरी कर ली गई। चुने गए सदस्यों को सर्टिफिकेट बांट दिए गए हैं, लेकिन चुनावी परिणाम बॉम्बे हाई कोर्ट में जमा किए जाएंगे और कानूनी प्रक्रिया के पूरी होने बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे। यह जानकारी मुंबई महानगरपालिका की ओर से दी गई है।
मनपा कमेटी ह़ॉल में शनिवार और रविवार को वोटों की गिनती की गई. सोमवार सुबह वोटों की गिनती पूरी की गई। यह चुनाव 29 अगस्त, 2024 को कराया गया था। औसतन 49.46 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। लेकिन कोर्ट में याचिका दायर होने के कारण चुनाव कानूनी पेंच में फस गया था। फेरीवालों की संख्या व अन्य मुद्दों को लेकर सवाल उठाए गए थे। बैलेट बॉक्स स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखे गए थे। हाई कोर्ट ने 23 मार्च 2026 को अंतिम फैसला सुनाया था। अदालत ने वोटों की गिनती पर लगी रोक हटा दी और प्रशासन को बिना देर किए नतीजे घोषित करने का निर्देश दिया था।
हाई कोर्ट के आदेश के बाद सभी 136 बैलेट बॉक्स निकालकर वोटों की गिनती की गई। रिटर्निंग ऑफिसर्स ने मनपा लाइसेंसिंग डिपार्टमेंट के करीब 200 से 250 कर्मचारियों की मदद से उम्मीदवारों और उनके प्रतिनिधियों की उपस्थिति में वोटों की गिनती कराई। सबसे पहले, बैलेट पेपर्स को आरक्षण के हिसाब से बांटा गया। उसके बाद वोटों की असली गिनती शुरू हुई। इस मौके पर डिप्टी कमिश्नर (विशेष) विनायक विस्पुते, लाइसेंसिंग सुपरिटेंडेंट अनिल काटे और अन्य अधिकारी मौजूद थे। वोटों की गिनती के नतीजे कोर्ट के आदेश के बाद ही सार्वजनिक किए जाएंगे.
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

