बंगाल की खाड़ी में तूफान, महाराष्ट्र सहित सात राज्यों में भारी बारिश का हाई अलर्ट
मुंबई, 25 अक्टूबर (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी में बने एक लो प्रेशर एरिया के चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। इससे महाराष्ट्र सहित 7 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
संभावित साइक्लोन को देखते हुए मौसम विभाग ने हाई अलर्ट जारी किया है। अगले तीन से चार दिनों तक सात राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में मौसम में बड़ा बदलाव आया है। बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर एरिया अब साइक्लोन में बदलने की संभावना है। इसे देखते हुए आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटीय इलाकों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। यह साइक्लोन 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों से टकरा सकता है। इस दौरान हवा की स्पीड 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है। इसके बाद हवा की रफ्तार 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। अगले तीन दिन तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए अहम होंगे और उन्हें सतर्क रहना होगा। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना यह सिस्टम एक बार में पूरी तरह एक्टिवेट नहीं होगा, बल्कि धीरे-धीरे साइक्लोन में बदल जाएगा। यह साइक्लोन 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है। यह साइक्लोन बापटला से विशाखापत्तनम के बीच तटीय इलाकों से टकरा सकता है। मौसम विभाग फिलहाल पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार 25 से 26 अक्टूबर के बीच तमिलनाडु, पांडिचेरी, केरल और लक्षद्वीप में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, मध्य भारत में भी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 30 से 31 अक्टूबर के बीच मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। महाराष्ट्र के विदर्भ में भारी बारिश की संभावना है। बुधवार 28 अक्टूबर से बारिश की तेजी बढ़ने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

