नासिक में खुला राज्य का पहला अनाज एटीएम
मुंबई, 18 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के नासिक जिले में राज्य का पहला अनाज एटीएम खोला गया है। यह एटीएम पात्र लाभार्थियों के लिए 24 घंटे उपलब्ध रहेगा।
रसद मंत्री छगन भुजबल ने शनिवार को अनाज मुहैया कराने वाले एटीएम का उद्घाटन किया। इस तरह का अगला एटीएम उपराजधानी नागपुर और ठाणे में शुरू करने की योजना है। महाराष्ट्र सरकार ने स्टेट-ऑफ़-द-आर्ट 'अन्नपूर्ति धन्य एटीएम' लॉन्च किया है। इसका उद्धेश्य पात्र लाभार्थियों को उनकी सुविधा के हिसाब से अनाज उपलब्ध कराना है। महाराष्ट्र सरकार और यूनाइटेड नेशंस वर्ल्ड फूड प्रोग्राम के साथ मिलकर शुरू की गई इस पहल से पब्लिक डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम को ज्यादा पारदर्शी और लाभार्थी-केंद्रित बनाने में मदद मिलेगी।
मंत्री भुजबल ने बताया कि सरकार पब्लिक डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम में आने वाली दिक्कतों को दूर करने और यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रही है कि पात्र लाभार्थियों को उनका अनाज सम्मान के साथ और समय पर मिले। आज विभिन्न क्षेत्र में अत्याधुनिक तकनीकी का उपयोग बढ़ रहा है। ऐसे में अनाज वितरण में भी नए व असरदार सिस्टम का इस्तेमाल करना जरूरी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

