स्टाम्प ड्यूटी घोटाला, जॉइंट डिप्टी रजिस्ट्रार निलंबित
मुंबई, 25 मार्च (हि.स.)। मुबई के जॉइंट डिप्टी रजिस्ट्रार ईश्वर देवासी को निलंबित कर दिया गया है। यह घोषणा बुधवार को राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने विधानसभा में की। देवासी पर 3 करोड़ 82 लाख रुपये की स्टाम्प ड्यूटी डुबाने और गैर-कानूनी तरीके से रजिस्ट्री करने का आरोप है।
मंत्री बावनकुले ने साफ किया कि इस मामले की विभागीय जांच अगले तीन महीने में पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। देवासी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सरकार इस मामले में क्रिमिनल केस फाइल करने पर भी विचार कर रही है। इस मामले से जुड़ी प्रॉपर्टी की मार्केट वैल्यू करीब 100 करोड़ रुपये है। स्टांप ड्यूटी वसूलने के साथ-साथ प्रशासनिक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
विधायक रत्नाकर गुट्टे ने यह मुद्दा सदन में उठाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि देवासी ने अपने पद का गलत इस्तेमाल करते हुए जुहू में एक प्रॉपर्टी की स्टाम्प ड्यूटी बिना वसूले गलत तरीके से रजिस्ट्री कर दी थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

