home page

एसटी कर्मियों ने दी 6 नवंबर से राज्यव्यापी हड़ताल की चेतावनी

 | 

मुंबई, 15 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन महामंडल (एसटी) के कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर 6 नवंबर से पूरे राज्य में हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। ऐन दिवाली के त्योहार के समय दी गई इस चेतावनी से राज्य भर में यात्रियों, विशेषकर ग्रामीण इलाकों के लोगों की यात्रा प्रभावित होने की संभावना है।

एसटी कर्मचारियों के संगठनों ने इस संबंध में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को एक पत्र लिखा है। एसटी कर्मियों की प्रमुख मांगों में हर महीने की 7 तारीख तक वेतन का भुगतान, कर्मचारियों को 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता, इस साल 15,000 रुपये दिवाली बोनस सहित अन्य मांगें शामिल हैं।

यह आंदोलन बीजेपी विधायक गोपीचंद पड़लकर के अगुवाई वाले 'सेवा शक्ति संघर्ष एसटी कर्मचारी संघ' व अन्य यूनियनों के आह्वान पर किया जाएगा। राज्य सरकार को 6 नंवबर तक का अल्टीमेटम दिया गया है। यदि समय रहते प्रलंबित मांगों पर कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया तो 6 नवंबर से राज्य भर में एसटी कर्मचारी हड़ताल पर चले जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार