home page

धूमधाम से मनेगी एसटी कर्मियों की दिवाली, पहले मिलेगा वेतन

 | 

मुंबई, 25 अक्टूबर (हि.स.)। राज्य के एसटी कर्मचारियों की दीवाली धूमधाम से मनेगी। महाराष्ट्र सरकार ने समय से पहले वेतन देने की पूरी तैयारी कर ली है। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने एसटी महामंडल को साफ आदेश दिए हैं कि नवंबर महीने का वेतन कर्मचारियों को दिवाली शुरू होने से पहले ही जारी कर दिया जाना चाहिए, ताकि लगभग 83 हजार परिवारों की दिवाली खुशहाली से मनाई जा सके।

परिवहन मंत्री प्रताप सरनाई ने निर्देश दिया है कि एसटी महामंडल की वित्तीय दिक्कतों की वजह से कर्मचारियों के त्योहार पर असर नहीं पड़ना चाहिए। एसटी महामंडल सरकार से जरूरी फंड तुरंत रिलीज करवाकर वेतन बांटने का ठोस प्लान तैयार करे।एसटी महामंडल में काम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सामान्य तौर पर हर महीने की सात से दस तारीख के बीच वेतन दिया जाता है। इस साल छह नवंबर से दिवाली पर्व की शुरुआत हो रही है। महाराष्ट्र सरकार ने एसटी कर्मियों को दिवासी का तोहफा देने का फैसला किया है। इससे कर्मचारी अपने परिवार के साथ त्योहार की खरीदारी, घरेलू जरूरतों और अन्य तैयारियों की सही योजना समय रहते बना सकते हैं।

दिवाली से पहले वेतन कर्मचारियों के खाते में भेजने के लिए एसटी महामंडल के वित्त और नियोजन विभाग को सीधे राज्य सरकार से लगातार संपर्क बनाए रखने को कहा गया है। कर्मचारियों के वेतन के लिए जरूरी सरकारी अनुदान और पिछले महीनों में दी गई अलग-अलग यात्री रियायती योजनाओं के बदले सरकार से मिलने वाली बकाया प्रतिपूर्ति राशि को वक्त पर हासिल करने के लिए खास कोशिश करने के निर्देश दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार