home page

विज्ञापनों से एसटी बढ़ाएगी अपना राजस्व

 | 

मुंबई, 03 मार्च (हि.स.)। राजस्व घाटे से जूझ रहे एसटी महामंडल को उबारने के लिए राज्य सरकार ने उसकी कमाई बढ़ाने की योजना बनाई है। अब विज्ञापनों के जरिए एसटी का राजस्व बढ़ाया जाएगा। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने दावा किया है कि आगामी 5 वर्षों के लिए 250 करोड़ रुपये से अधिक आय बढ़ाने का प्लान तैयार किया गया है।

मंत्री सरनाईक ने यह जानकारी एसटी महामंडल के मुख्यालय में हुई 310वीं बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में दी। इस बैठक में परिवहन आयुक्त राजेश नार्वेकर सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। सरनाईक के अनुसार ग्रामीण अंचलों की जीवन रेखा मानी जाने वाली एसटी बसों की कमाई का नया चक्र घूमेगा। बस स्टैंड उनके आस-पास, बस के अंदर और बाहर, साथ ही सभी उपलब्ध संसाधनों का पूरा इस्तेमाल करके विज्ञापनों के जरिए आय बढ़ाने का एक बड़ा प्लान तैयार किया गया है। इसके लिए एक कारगर प्रक्रिया लागू की गई है। अगले पांच साल के लिए 250 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की पेशकश करने वाली बोली को स्वीकार कर लिया गया है। अभी चल रहे विज्ञापन लाइसेंसधारकों का लाइसेंस पीरियड खत्म होने के बाद, विज्ञापन के अधिकार नए लाइसेंसधारकों को ट्रांसफर कर दिए जाएंगे। अभी विज्ञापन से सालाना करीब 22 करोड़ रुपये की कमाई होती है। नए टेंडर से यह कमाई दोगुनी से भी ज्यादा हो जाएगी। अगर टिकट बिक्री के अलावा अलग-अलग दूसरे सोर्स से भी कमाई होती है, तो भविष्य में एसटी को नुकसान नहीं उठाना पड़ेगा।

मंत्री सरनाईक ने बताया कि अगले पांच वर्षो में एसटी महामंडल को सिर्फ विज्ञापन से 250 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व मिलेगा। उन्होंने बताया कि एसटी महामंडल के पूरे राज्य में 251 बस डिपो और 610 से ज्यादा छोटे-बड़े बस स्टैंड हैं। रोज़ाना करीब 12 हजार बसों में करीब 50 से 55 लाख यात्री सफर करते हैं। भविष्य में बसों की संख्या बढ़ने के बाद रोजाना यात्रियों की संख्या 1 करोड़ रुपये तक हो जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार