home page

साबरमती नदी के ऊपर बन रहा मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन के लिए ‘स्पीड ब्रिज’

 | 

मुंबई, 27 अप्रैल (हि.स.)। अहमदाबाद के साबरमती नदी के ऊपर बिना हाईटेक पुल बनाया जा रहा है। अत्याधुनिक बैलेंस्ड कैंटिलीवर तकनीक के जरिए तैयार हो रहा यह ‘स्पीड ब्रिज’ मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना की रफ्तार को नई ऊंचाईयों तक पहुंचाएगा। इस ब्रिज के लिए 36 मीटर ऊंचे आठ विशाल खंभे खड़े कर दिए गए हैं।

सुपरस्टक्चर का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। निर्माण के दौरान नदी के प्राकृतिक प्रवाह को बिना प्रभावित किए यह मेगा प्रोजेक्ट तेज गति से आगे बढ़ रहा है। मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के तहत अहमदाबाद के साबरबती नदी पर करीब 36 मीटर ऊंचा और 480 मीटर लंबा यह पुल पश्चिम रेलवे की अहमदाबाद-दिल्ली मुख्य लाइन के समानांतर तैयार किया जा रहा है। यह ब्रिज साबरमती और अहमदाबाद बुलेट ट्रेन स्टेशनों के बीच स्थित है, जिससे परियोजना की कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी। पुल के लिए बनाए गए सभी आठ विशाल खंभों की ऊंचाई 31 से 34 मीटर के बीच है। इनमें से चार पियर्स नदी तल में और बाकी किनारों व तट के बाहर बनाए गए हैं, ताकि जल प्रवाह बाधित न हो। इंजीनियरिंग के लिहाज से यह पुल खास है, क्योंकि इसे बैलेंस्ड कैंटिलीवर तकनीक से बनाया जा रहा है।

परियोजना के तहत 76 मीटर के पांच और 50 मीटर के दो स्पैन बनाए जा रहे हैं, जिनमें से तीन स्पैन पूरे हो चुके हैं। फिलहाल सुपरस्टक्चर का काम तेजी से जारी है। निर्माण के दौरान नदी के प्राकृतिक प्रवाह को बनाए रखने के लिए विशेष उपाय किए गए हैं, जिससे यह मेगा प्रोजेक्ट आधुनिक तकनीक और पर्यावरण संतुलन का बेहतरीन उदाहरण बन रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार