home page

हर पात्र वोटर होगा मतदाता सूची में शामिल, वोटरों के लिए विशेष कैंप

 | 

मुंबई, 08 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि एक भी पात्र वोटर मतदाता सूची से बाहर नहीं होगा। युवा मतदाताओं के पंजीकरण की सुविधा के लिए पांच से नौ अक्टूबर तक कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में मतदाता पंजीकरण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

सीईओ कार्यालय के अनुसार मतदाताओं के पंजीकरण के लिए कई उपाय शुरू किए गए हैं, ताकि कोई भी पात्र वोटर, सूची से बाहर नहीं रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो सके। केंद्रीय चुनाव आयोग के निर्देशानुसार राज्य भर में मतदाता पंजीकरण अधिकारी इन उपायों को लागू कर रहे हैं। बूथ स्तर अधिकारी (बीएलओ) छात्रों को आवेदन भरने में सहायता कर रहे हैं। मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से संबंधित सवालों का समाधान कर रहे हैं। ऐसे पात्र मतदाताओं की पहचान के लिए घर-घर जाकर एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिनके नाम मसौदा मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं। बीएलओ ऐसे नए मतदाताओं की योग्यता की जांच करने के बाद उनसे फॉर्म-6 भरवा रहे हैं।

सीईओ कार्यालय ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी है कि सत्यापन के दौरान घर पर उपलब्ध नहीं रहने वाले पात्र वोटरों के लिए 10 और 11 अक्टूबर को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष मतदाता पंजीकरण शिविर लगाए जाएंगे। जिन मतदाताओं ने अपना सामान्य निवास स्थान बदल लिया है और बीएलओ के दौरे के दौरान जिनके नाम अनुपस्थित या स्थानांतरित व्यक्तियों की सूची में शामिल किए गए हैं, वे भी पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकते हैं। ऐसे मतदाताओं की सूची महाराष्ट्र के सीईओ की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है। नाम शामिल कराने के लिए आवेदन दावे और आपत्तियां दाखिल करने की उस अवधि के दौरान ऑफलाइन जमा किए जा सकते हैं, जो 12 अक्टूबर को समाप्त हो रही है। निर्वाचन आयोग के मतदाता सेवा पोर्टल या 'ईसीआईनेट' मोबाइल ऐप के जरिए भी आवेदन ऑनलाइन जमा किए जा सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार