दिवाली-छठ पूजा पर यूपी-बिहार के लिए स्पेशल ट्रेनें
मुंबई,01 नवबंर (हि.स.)। दिवाली और छठ पूजा पर अपने गांव जाने वाले यात्रियों को मध्य रेलवे ने बड़ी राहत दी है। उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों के लिए मुंबई व पुणे से स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया है। पूरे त्योहारी सीजन में कुल 950 फेरों का संचालन किया जा रहा है, जिसमें सबसे बड़ा हिस्सा यूपी और बिहार के प्रमुख खासकर पुर्वांचल में स्थित शहरों के लिए तय किया गया है।
त्योहारी सीजन में नियमित ट्रेनों में सीट न मिलने से यात्रियों को बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ट्रेनों में भारी भीड़ के कारण लोगों को परेशानी होती है। इस समस्या को ध्य़ान में रखते हुए स्पेशल ट्रेनों का प्रबंध किया गया है। इन विशेष ट्रेनों का संचालन एक अक्टूबर से शुरू होकर 30 नवंबर तक चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। इस योजना में मध्य रेल के अलावा पूर्व मध्य रेलवे, उत्तर मध्य रेलवे, पूर्वोत्तर रेलवे और उत्तर रेलवे सहित कई क्षेत्रीय रेल मंडलों का सहयोग लिया गया है।
उत्तर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक शहरों को जोड़ने के लिए मुंबई और पुणे से 273 विशेष फेरियों की व्यवस्था की गई है। मुंबई डिवीजन से यूपी के लिए सर्वाधिक 176 फेरे संचालित किए जा रहे हैं। इनमें गोरखपुर के लिए 64, बनारस और वाराणसी कैंट के लिए 46, गाजीपुर के लिए 24 और मऊ के लिए 24 फेरे शामिल हैं। प्रयागराज के लिए 10 और सुल्तानपुर के लिए 8 फेरे तय किए गए हैं। वहीं पुणे डिवीजन से उत्तर प्रदेश के लिए कुल 97 फेरे लगाए जाएंगे, जिनमें गोरखपुर के लिए 64, झांसी के लिए 23 और प्रयागराज के लिए 10 फेरे शामिल हैं।
छठ पूजा पर बिहार जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने 282 विशेष फेरों का प्रबंध किया है। मुंबई डिवीजन से बिहार के लिए 135 फेरे चलाए जा रहे हैं, जिनमें दानापुर पटना के लिए 88 फेरे, रक्सौल के लिए 17 फेरे, सहरसा के लिए 18 फेरे और समस्तीपुर के लिए 12 फेरे शामिल हैं। पुणे डिवीजन से बिहार के लिए कुल 139 फेरे लगाए जाएंगे, जिनमें दानापुर के लिए 122 फेरे और मुजफ्फरपुर के लिए 17 फेरे तय हैं। इसके अलावा नागपुर डिवीजन से भी समस्तीपुर के लिए 8 विशेष फेरों का संचालन किया जा रहा है।
उत्तर भारत ही नहीं, बल्कि अन्य मार्गों के यात्रियों का भी पूरा ख्याल रखा है। आंकड़ों के अनुसार, मध्य रेल के मुंबई, पुणे, भुसावल, सोलापुर और नागपुर डिवीजनों से महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों के बीच कुल 193 फेरे चलाए जा रहे हैं। साथ ही दिल्ली के लिए 28 फेरे, राजस्थान के लिए 46 फेरे, गोवा के लिए 18 फेरे, कर्नाटक के लिए 30 फेरे, मध्य प्रदेश के लिए 17 फेरे, तमिलनाडु और केरल के लिए 12-12 फेरे तथा पश्चिम बंगाल और झारखंड के लिए भी विशेष फेरे तय किए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

