खाटू श्याम व उज्जैन दर्शन के लिए विशेष ट्रेन
मुंबई, 13 अक्टूबर (हि.स.)। तीर्थ स्थलों के धार्मिक यात्रा पर जाने के इच्छुक श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए अच्छी खबर है। आईआरसीटीसी ने खाटू श्याम व उज्जैन दर्शन के लिए विशेष ट्रेन शुरू की है। भारत गौरव पर्यटक ट्रेन के जरिए 21 अक्टूबर से 11 रात और 12 दिनों की विशेष यात्रा का प्रबंध किया गया है।
यह ट्रेन 21 अक्टूबर से सोलापुर से चलेगी। इस टूर पैकेज में यात्रियों को खाटू श्याम जी, उज्जैन, उदयपुर, नाथद्वारा, पुष्कर, जोधपुर और जयपुर के प्रमुख तीर्थ और ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश के आम यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में कल्याण, वसई रोड, पुणे, सूरत और रतलाम सहित दस स्टेशनों पर चढ़ने और उतरने का विकल्प दिया गया है। 750 सीटों वाली इस ट्रेन का शुरुआती किराया मात्र 18,635 रुपए तय किया गया है। इस पैकेज में यात्रा, होटल में ठहरने, शुद्ध शाकाहारी भोजन, घूमने के लिए वाहन और बीमा की सुविधा शामिल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

