बनारस व नागपुर रूट पर विशेष सेवा, वन-वे स्पेशल के साथ साप्ताहिक ट्रेनों का ऐलान
मुंबई, 28 अप्रैल (हि.स.)। गर्मी की छुट्टियों में बढ़ती भीड़ को देखते मध्य रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेनों की घोषणा की है। बनारस और नागपुर जैसे व्यस्त रूटों पर वन-वे स्पेशल और वीकेंड स्पेशल ट्रेनों की शुरुआत की गई है। मुंबई और पुणे से लगातार बढ़ रही मांग को देखते हुए रेलवे ने यह फैसला लिया है। इससे लंबी वेटिंग और टिकट की मारामारी से जूझ रहे यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
मध्य रेल प्रशासन के अनुसार लोकमान्य तिलक टर्मिनस से चलने वाली ट्रेन संख्या 01051 सुबह 11.10 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 13.10 बजे बनारस पहुंचेगी। वहीं हडपसर से ट्रेन संख्या 01453 सुबह 07.50 बजे निकलकर अगले दिन 13.50 बजे बनारस पहुंचेगी। दोनों ट्रेनों में स्लीपर और जनरल कोच के साथ पैंट्री कार की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। रास्ते में ठाणे, कल्याण, नासिक रोड, भुसावल, इटारसी, जबलपुर, सतना और प्रयागराज जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ट्रेन रूकेगी।
यात्रियों की मांग को देखते हुए मुंबई-पुणे और नागपुर के बीच 6 साप्ताहिक विशेष ट्रेन सेवाएं भी चलाई जाएंगी। इनमें सीएसएमटी-नागपुर के बीच 4 और पुणे-नागपुर के बीच 2 सेवाएं शामिल हैं। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) से ट्रेन 1 मई और 3 मई को रवाना होकर उसी दिन नागपुर पहुंचेगी, जबकि वापसी में नागपुर से ट्रेन रात में चलकर अगले दिन मुंबई पहुंचेगी। वहीं पुणे-नागपुर स्पेशल ट्रेन 1 मई को पुणे से और 3 मई को नागपुर से संचालित होगी। इन सभी स्पेशल ट्रेनों के लिए आरक्षण आज 29 अप्रैल से शुरू होगा। यात्री आईआरसीटीसी वेबसाइट, यूटीएस सिस्टम और रेल वन ऐप के जरिए टिकट बुक कर सकेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

