विद्यार्थियों को संविधान के बारे में शिक्षित करना, राष्ट्रनिर्माण में भागीदार बनाना मेरा लक्ष्य: पाटील
- विशेष कार्यक्रम में किया जाएगा ‘आपले संविधान’ पुस्तक का विमोचन
मुंबई, 25 नवंबर, (हि. स.)। भारतीय संविधान के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर वसई-विरार महानगर पालिका के प्रथम महापौर राजीव पाटील ने बुधवार को युवा पीढ़ी के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया है। कार्यक्रम का उद्देश्य शहर के स्कूल और कॉलेज के छात्रों को संविधान की मूलभूत जानकारी सरल और रोचक रूप में उपलब्ध करानी है। इसी दिन शाम पांच बजे पद्मश्री रमेश पतंगे की लिखी पुस्तक ‘आपले संविधान’ का मराठी और अंग्रेजी संस्करण का प्रकाशन किया जाएगा। इस पुस्तक का हिंदी संस्करण भी जल्द ही प्रकाशित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर यश विद्या निकेतन ग्लोबल स्कूल, विरार पश्चिम में प्रेस कांफ्रेंस आयोजित किया गया। इसमें प्रोफेसर डॉ. अर्चना कुलकर्णी, हार्दिक राऊत, संजीव पाटील सहित अन्य गणमान्य मौजूद थे।इस अवसर पर प्रथम महापौर राजीव पाटील ने कहा कि इस पुस्तक में न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे संवैधानिक सिद्धांतों को सरल भाषा में समझाया गया है, जिससे विद्यार्थी अपने अधिकार और कर्तव्य आसानी से जान सकें। यश विद्या निकेतन ग्लोबल स्कूल में आठवीं से 12वीं कक्षा के छात्रों को संविधान की शिक्षा दी जाएगी। पाटील ने कहा कि आज भी कई लोग संविधान के महत्व और उनके अधिकारों के बारे में जागरूक नहीं हैं। विद्यार्थियों को इसके बारे में शिक्षित करना और उन्हें राष्ट्रनिर्माण में सक्रिय भागीदार बनाना हमारा लक्ष्य है। इस कार्यक्रम से युवा पीढ़ी में नागरिक चेतना और जिम्मेदारी की भावना मजबूत होगी। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न स्कूलों के छात्रों के लिए प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं है। इन प्रतियोगिताओं में वक्तृत्व, निबंध लेखन, पोस्टर निर्माण और न्यूज एंकरिंग शामिल हैं। इस अवसर पर प्रमुख अतिथि के रूप में डॉ. संजय देशमुख (पूर्व कुलगुरु, मुंबई विश्वविद्यालय) और एडवोकेट सुरेश कामत आदि उपस्थित रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार

